श्योपुर– कूनो नेशनल पार्क में रविवार शाम पर्यटकों को ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसे वे लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे। सफारी के दौरान एक शानदार तेंदुआ मुख्य मार्ग पर आकर बैठ गया और करीब एक घंटे तक वहीं डटा रहा। उसकी मौजूदगी के कारण सफारी वाहनों को रास्ते में ही रुकना पड़ा।हालांकि यह रुकावट किसी के लिए परेशानी नहीं, बल्कि रोमांच का सबसे खूबसूरत पल बन गई। पर्यटक शांत होकर तेंदुए की हर गतिविधि को देखते रहे और अपने कैमरों में इस दुर्लभ दृश्य को कैद करते रहे।जंगल का नियम भी यही है कि वहां पहला अधिकार वन्यजीवों का होता है। इसलिए सफारी वाहन सुरक्षित दूरी पर खड़े रहे और तेंदुए के अपने आप रास्ता छोड़ने का इंतजार करते रहे। करीब एक घंटे बाद तेंदुआ आराम से जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद सफारी आगे बढ़ सकी।