खाद व्यवस्था का जायजा लेने कृषि उपज मंडी पहुंचीं एसडीएम
शिवपुरी l किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से आरोन एसडीएम सुश्री मंजूषा खत्री सोमवार को कृषि उपज मंडी पहुंचीं। एसडीएम ने मंडी में खाद के स्टॉक, उपलब्धता और किसानों को किए जा रहे वितरण का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण सुनिश्चित करने और मांग के अनुरूप समय पर उपलब्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
एसडीएम सुश्री मंजूषा खत्री ने मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद वितरण से संबंधित यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि किसानों को बिना किसी असुविधा के समय पर खाद उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान मंडी के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।


