जल संरक्षण के लिए आमजन में चेतना जागृत होना जरूरी- प्रभारी मंत्री श्री पंवार
रायसेन स्थित स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री एवं मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज यहां जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन समारोह है लेकिन जल संरक्षण और संवर्धन का हमारा प्रयास जारी रहना चाहिए। हमें बारिश की एक-एक बूंद को सहेजना होगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए आमजन में चेतना जागृत करनी है। आमजन को समझना होगा कि पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए, जल संरचनाओं और जल स्त्रोतों के संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना जरूरी है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान जिले में जल संरक्षण और संवर्धन हेतु अनेकों कार्य किए गए हैं। जल संरक्षण के कार्य को हमें अपने जीवन में शामिल करने की आवश्यकता है। समाज का जागरण हमारा लक्ष्य होना चाहिए।प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि हवा, मिट्टी, पानी प्रकृति द्वारा हमें दिया गया अनमोल उपहार है। यह सब हमें निःशुल्क मिला है इसलिए इसकी महत्ता को लेकर मानव सजग नहीं है, जिसके गंभीर परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने अलनीनो के खतरे का उल्लेख करते हुए कहा कि आमजन को पर्यावरण का महत्व समझना होगा और इसका संतुलन बनाए रखने, हरियाली बनाए रखने के लिए गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रसायनिक उर्वरकों के उपयोग से खेतों को नुकसान पहुंच रहा है, मिट्टी की गुणवत्ता कम हो रही है। भू-जल स्त्रोत निरंतर नीचे जा रहे है, वॉटर लेवल में कमी आ रही है। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने नागरिकों से आव्हान करते हुए कहा कि जल संरक्षण के लिए, पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक हों और पूरी मेहनत से प्रयास करें। इसकी शुरूआत अपने घर और आसपड़ोस से करें। घरों में रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं, आसपास की जल सरंचनाओं को साफ और स्वच्छ रखें। कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम प्रसारित संदेश का वाचन भी किया। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं, नागरिकों को जल संरक्षण और नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया।कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ 19 मार्च 2026 को सलामतपुर सुनारी से किया गया और आज इस अभियान का समापन हो रहा है। अभियान के दौरान बारिश के जल को रोकने के लिए पुरानी जल संरचनाओं की साफ-सफाई और गहरीकरण के साथ ही नवीन जल संरचनाओं, अमृत तालाबों, कुओं, सोखपिट आदि का निर्माण किया गया है। हमारी आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए आज जल संरक्षण के प्रयास करने होंगे। जल संरक्षण के लिए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक साथीगण संकल्प लें कि अपने स्तर पर जल संरक्षण करने और जल का अपव्यय रोकने हर संभव प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा श्री राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए कार्यो, विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 तथा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में किए जा रहे कार्यो के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी सहित अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज कुशवाह, छात्र-छात्राएं, युवा तथा आमजन उपस्थित रहे।अभियानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानितकार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खेत तालाब योजना के हितग्राहियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।महाविद्यालय परिसर में किया गया पौधरोपणकार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री श्री पंवार, सांची विधायक डॉ चौधरी, कलेक्टर श्री विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।


