मंडला l कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा मंगलवार को विकासखंड निवास के ग्राम देवगाँव में किसानों के लिए वॉक बिहाइंड 6 कतारी पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन का प्रदर्शन आयोजित किया गया। किसान एवं उप सरपंच श्री सुरेंद्र पटेल के खेत में आयोजित इस प्रदर्शन में किसानों को धान की रोपाई में आधुनिक कृषि यंत्रीकरण के लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहायक कृषि यंत्री मंडला श्रीमती प्रियंका मेश्राम ने किसानों को बताया कि पारंपरिक पद्धति से धान रोपाई में मजदूरों की कमी और अधिक लागत जैसी समस्याओं का समाधान पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से संभव है। मशीन के उपयोग से कम समय में अधिक क्षेत्र में रोपाई की जा सकती है तथा फसल की उत्पादकता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि मशीन के उपयोग के लिए पहले मैट टाइप नर्सरी तैयार की जाती है। लगभग 15-16 दिन की पौध तैयार होने के बाद मशीन से व्यवस्थित तरीके से रोपाई की जाती है। इससे रोपाई की लागत में 70 से 80 प्रतिशत तक कमी आती है, समय की बचत होती है तथा उत्पादन में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना रहती है। प्रदर्शन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों ने मशीन के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे कृषि कार्यों के लिए उपयोगी बताया तथा मशीन खरीदने में भी रुचि दिखाई। कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि यह मशीन विभाग द्वारा अनुदान पर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है।