मंडला l लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन ऐसे समय हो रहा है, जब प्रकृति ने स्वयं वर्षा जल के रूप में हम सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान किया है। यह संदेश देता है कि यदि हम जल का सम्मान और संरक्षण करेंगे, तो प्रकृति भी हम पर अपनी कृपा बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे प्रत्येक नागरिक अपने जीवन का हिस्सा बनाए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जल संरक्षण संबंधी संदेश का वाचन करते हुए उपस्थित नागरिकों से वर्षा जल के संरक्षण, जल स्त्रोतों के संवर्धन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प लेने का आग्रह किया। जल गंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम मंगलवार को मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के सर्रा-पिपरिया स्थित तालाब में वर्षा के बीच उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हो रही वर्षा को उपस्थित जनसमुदाय ने शुभ संकेत के रूप में देखा। बारिश के बीच मंत्री श्रीमती उइके ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर अभियान के समापन को जनभागीदारी और प्रकृति के आशीर्वाद का प्रतीक बताया। इस दौरान उनके द्वारा तालाब पर विधिवत् पूजन कर जल संचय का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जल स्त्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्राकृतिक जल स्त्रोतों के संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उइके ने अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष सिंह ठाकुर, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्री विनोद मरावी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।