उज्‍जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में दिनांक 19 मार्च 2026 (वर्ष प्रतिपदा) से पुरे प्रदेश में संचालित किए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का समापन मंगलवार 30 जून को हुआ । इस अवसर पर राज्‍य स्‍तर , जिला स्‍तर और विकास खण्‍ड स्‍तर पर विभिन्‍न कार्यक्रम आयोजित किए गए। उज्‍जैन जिला स्‍तरीय कार्यक्रम म.प्र. शासन के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप के मुख्‍य आतिथ्‍य में कालिदास संस्‍कृत अकादमी में आयोजित किया गया ।

 

           उल्‍लेखनीय है की जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान प्रदेश भर में ग्रामीण, नगरीय, वन, सिंचाई, शिक्षा, औद्योगिक तथा अन्य क्षेत्रों में जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, जल गुणवत्ता परीक्षण, चेकडैम, अमृत सरोवर,रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नदी पुनर्जीवन एवं जन-जागरूकता से संबंधित लगभग 3.62 लाख कार्यों का सफल क्रियान्वयन किया गया, जिन पर लगभग 10,514 करोड़ रुपये का व्यय किया गया।

 

            इस अवसर पर मुख्य अतिथि सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन काश्यप ने कहा इस अभियान को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जन आंदोलन के रूप में बनने के लिए प्रारंभ किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधियों , स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, किसानों और प्रदेश के प्रत्येक नागरिकों द्वारा सहभागिता की गई और निश्चित ही पूरे प्रदेश में एक नई भावन जागृत हुई। उन्होंने ने कहा कि हमें प्रकृति से जिन जिन संसाधनों की आवश्यकता है उनके बारे में चिंतन करना होगा, और उन्हें सहेजना होगा।

 

                उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्‍वच्‍छता को आंदोलन बनाया और उसके लिए प्रयास किये, और आज प्रत्येक व्यक्ति में स्‍वच्‍छता के प्रति जागरूकता है, वैसे ही हमें भी जलसंरक्षण के प्रति जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल मंत्री द्वारा मध्यप्रदेश के जलसंरक्षण अभियान को एक प्रेरणादायी मॉडल के रूप में लेकर केंद्र की योजना में शामिल किया है । उन्होंने कहा कि भू जल स्तर बढ़ाने के दूरगामी परिणाम है जिससे हम सभी लाभान्वित होगे।

 

      उन्होंने ने कहा कि आज 'जल गंगा संवर्धन अभियान 2026' का विधिवत समापन होने जा रहा है। इस महाअभियान में जिले में विभिन्न विभागों के द्वारा जल संरक्षण, संवर्धन और जन-जागरूकता के लिए सहभागिता की है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, उज्जैन जिले का प्रदर्शन पूरे प्रदेश में उत्कृष्ट होकर राज्य में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है। अधिकांश विभागों ने न केवल शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है, बल्कि कई विभागों ने निर्धारित लक्ष्य से कई गुना अधिक कार्य संपादित किए है।

 

जन अभियान परिषद ने जिले में सर्वाधिक सक्रियता दिखाते हुए 19 विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से 804 के लक्ष्य के विरुद्ध 2.965 कार्य पूर्ण किये हैं और राज्य में दूसरा स्थान अर्जित किया है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास, उच्च शिक्षा विभाग, MPIDC (उद्योग) और नगरीय विकास विभाग ने प्रदेश में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है। एवं नगरीय विकास विभाग का प्रदर्शन अप्रत्याशित रहा है। विभाग ने 2,400 कार्यों के लक्ष्य के विरुद्ध 25,599 कार्य पूर्ण किए हैं, जो उनकी 100% उपलब्धि को दर्शाता है। पंचायत एवं ग्रामीण विभाग 11 विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से 4017 के लक्ष्य के विरुद्ध 3899 कार्य पूर्ण किये हैं और राज्य में चतुर्थ स्थान अर्जित किया है।

 

मंत्री श्री काश्यप द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रेरणादायक संदेश का वाचन भी कार्यक्रम में किया गया। एवं उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण, जल सुरक्षा, भू-जल संवर्धन तथा निर्मित जल संरचनाओं के संरक्षण एवं रख-रखाव का सामूहिक संकल्प/शपथ दिलाई गई।

 

कार्यक्रम में मंत्री श्री कश्यप द्वारा "विकसित भारत जी राम जी" योजना के बारे में संक्षिप्त जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम मे जिले में निर्मित प्रमुख जल संरक्षण संरचनाओं, पूर्व एवं वर्तमान स्थिति, नवाचारों तथा सफलता की कहानियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों, व्यय, जनसहभागिता एवं उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति अथवा लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। 

 

            इस अवसर पर मंत्री श्री काश्यप द्वारा उत्कृष्ट ग्राम पंचायतें, उत्कृष्ट जनपद पंचायतें, उत्कृष्ट विभाग एवं विभागीय अधिकारी/कर्मचारी, श्रमदान एवं जनसहभागिता में उल्लेखनीय योगदान कर सराहनीय कार्य करने पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

          कार्यक्रम में विभिन्न सैन्य बलों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने के लिए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 अंतर्गत आयोजित 45 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सफलतापूर्वक सहभागिता करने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

 

              इस अवसर पर महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगरनिगम सभापति श्रीमती कलावती यादव , जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर , श्री संजय अग्रवाल , नगर निगम आयुक्‍त श्री अभिलाष मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कुमट, अन्य जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।