श्रीअन्न उत्पादक किसानों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता - मंत्री श्रीमती संपतिया उइके
मंडला l मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 3,941 किसानों को 2 करोड़ 82 लाख रुपये की बोनस राशि का वितरण किया। इसमें मंडला जिले के 424 किसानों को 17 लाख 96 हजार 570 रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई। उल्लेखनीय है कि योजना के तहत कोदो का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,500 रुपये तथा कुटकी का 3,500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जिस पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस प्रदान किया गया। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय धान महोत्सव एवं रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत कोदो-कुटकी बोनस वितरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को कृषि उपज मंडी, मंडला में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और जनजातीय भाई-बहनों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती और श्रीअन्न उत्पादन करने वाले किसानों के परिश्रम का सम्मान करते हुए सरकार बिना किसी परेशानी के बोनस उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि कोदो-कुटकी मंडला जिले का वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट भी है, जिसके माध्यम से जिले की पहचान और किसानों की आय दोनों को नई मजबूती मिलेगी। मंत्री श्रीमती उइके द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पशुपालन विभाग, माटी से रेशम विषय पर आधारित प्रदर्शनी, वनोपज विभाग के शहद, आँवला, हल्दी सहित अन्य उत्पाद, उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी तथा कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। कृषि अभियांत्रिकी विभाग के स्टॉल पर उन्हें हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर सहित आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। उद्यानिकी गतिविधियों का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरण कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आए हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से तिल बीज मिनी किट, मुनगा पौधे, चरीचरा मिनी किट, कोदो-कुटकी बोनस के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। इस दौरान कृषि सखियों द्वारा मंत्री श्रीमती संपतिया उइके को बीजामृत एवं चिया सीड्स भेंट किए गए। संबल हितग्राहियों को मिली अनुग्रह सहायता इसके साथ ही कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत भी अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। मंडला जिले के 386 श्रमिक परिवारों को 8 करोड़ 36 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्राप्त हुई। कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से संबल योजना की सहायता राशि भी प्रदान की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, सभापति कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत श्री भूपेन्द्र वरकड़े, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।


