तेलुगु फिल्म 'जया जानकी नायका' ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। रकुल प्रीत सिंह और बेलमकोंडा श्रीनिवास की इस फिल्म के हिंदी डब वर्जन को यूट्यूब पर 100 करोड़ (1 बिलियन) से ज्यादा बार देखा जा चुका है। दुनिया भर में यह रिकॉर्ड बनाने वाली यह पहली फिल्म बन गई है। रकुल प्रीत सिंह का मानना है कि साल 2020 में कोरोना महामारी के बाद से साउथ की फिल्मों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ज्यादा दर्शक मिलने लगे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फिल्म की सफलता के बाद आने वाले समय में फिल्मों और मेकर्स के लिए नए रास्ते खुलेंगे। रकुल ने कहा कि अभी ओटीटी की दुनिया में सीमित विकल्प हैं, लेकिन यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म के मजबूत होने से नए मेकर्स को अपनी फिल्में लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।