15 वर्षीय धुरंधर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण का मौका मिलेगा या नहीं इस पर सस्पेंस बरकरार
भारत हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 श्रृंखला में 0-2 से हार गया था। इस हार के बाद टीम चयन को लेकर कई सवाल उठे थे। सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हुई, जिन्हें शानदार घरेलू और आईपीएल प्रदर्शन के बाद पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली थी। हालांकि उन्हें दोनों मुकाबलों में अंतिम एकादश में खेलने का मौका नहीं मिला था।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले से पहले एक पत्रकार ने श्रेयस अय्यर से पूछा कि क्या वैभव सूर्यवंशी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं ने टीम और कप्तान से ध्यान भटका दिया है। इस पर अय्यर ने कहा कि वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करते और न ही इस तरह की चर्चाओं पर ध्यान देते हैं। इसके बाद जब उनसे वैभव सूर्यवंशी के संभावित पदार्पण को लेकर सवाल किया गया तो भारतीय कप्तान ने टीम की रणनीति सार्वजनिक करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पहले से नहीं बता सकता कि आगे क्या होगा। टीम संयोजन पूरी तरह आंतरिक मामला है और विपक्षी टीम के सामने ऐसी जानकारी साझा नहीं की जा सकती हैं।


