बदनावर, धार l सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत कृभको (कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड) धार द्वारा अंगीकृत ग्राम बदनावर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना एवं किसानों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दिलीप मौर्य, सहायक संचालक कृषि, धार एवं श्रीमती संगीता चौहान, सहायक संचालक कृषि, धार रहे। साथ ही श्री लवलेश राठौड़, प्रबंधक (मार्केटिंग) तथा क्षेत्र के उन्नत कृषक बंधु भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथियों ने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा अपने संबोधन में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने हेतु वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। अतिथियों द्वारा कृषक बंधुओं को वृक्षारोपण हेतु पौधों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके बेहतर विकास के लिए खाद एवं पानी भी दिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथियों ने कृभको द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे समाज एवं किसानों के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम का संचालन विनायक हारोड़, क्षेत्रीय प्रतिनिधि, कृभको धार द्वारा किया गया। 
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से वृक्षारोपण का संकल्प लिया।