मंडला l आंध्रप्रदेश में केंद्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मंडला जिले के रानी दुर्गावती महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम में देखा गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत योजना के अंतर्गत जिले के प्रथम कार्य के रूप में ग्राम पंचायत आमानाला में मुक्तिधाम के समीप वृक्षारोपण कार्य का भूमिपूजन किया गया। 2047 तक ग्रामीण भारत की नीव मजबूत करेगी वीबी जीरामजी योजना - मंत्री श्रीमती संपतिया उइके कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। योजना के तहत श्रमिकों के पारिश्रमिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना पंचायतों के विभिन्न विकास कार्यों को भी गति प्रदान करेगी। मंत्री श्रीमती उइके ने जल गंगा संवर्धन अभियान का उल्लेख करते हुए इसके सफल क्रियान्वयन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही उन्होंने रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं कार्यक्रम के पूर्व आयुष विभाग द्वारा लगाए गए औषधि के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर बिछिया विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा ने कहा कि यह योजना ग्रामीणों के लिए रोजगार का सशक्त माध्यम बनेगी। इससे जिले के लोगों को रोजगार की तलाश में पलायन नहीं करना पड़ेगा। ग्रामीणों को गांव में रहकर ही अधिक पारिश्रमिक प्राप्त हो सकेगा। क्या है वीबी जीरामजी योजना ? कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार करना, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। रोजगार उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान है। साथ ही श्रमिकों को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध होने से पलायन में कमी आएगी और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को भी गति मिलेगी, योजना के अंतर्गत श्रमिकों के पारिश्रमिक में भी वृद्धि की गई है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम, जनपद पंचायत मण्डला के अध्यक्ष श्री संतोष सोनू भलावी, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, श्रीमती शकुन जंघेला व श्रीमती गीता मरावी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा एवं श्री जयदत्त झा, जनपद सदस्य श्रीमती अम्बेश्वरी बैरागी, सरपंच टिकरवारा श्रीमती श्रृद्धा उईके कवरेती, सरपंच बड़ी खैरी श्रीमती सीमा गोंटिया, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, एसीईओ जिला पंचायत श्री विनोद मरावी, परियोजना अधिकारी मनरेगा श्रीमती ऋतु तिवारी, सीईओ जनपद पंचायत मण्डला श्री कपिल तिवारी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।