मुरैना l  खेत में शुरू हुआ जमीन का विवाद घर तक पहुंच गया और फिर दिनदहाड़े चली ताबड़तोड़ गोलियां। फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर के टायर में गोली लगने से वह फट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना मुरैना जिले के नूराबाद  के ग्राम दोहरावली स्थित बद्री सिंह के पुरा की है। बताया जा रहा है कि जायदाद अपने नाम कराने को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।खेत पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला और ज्यादा बिगड़ गया।आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और वहां पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए।  गांव में दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पूरा विवाद जमीन और जायदाद नाम कराने को लेकर हुआ था। पुलिस ने अंतराम, महेश, रामबीर, बंटी और संजीव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।