यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सेवा और धार्मिक आस्था को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम- राज्यमंत्री श्री लोधी
दमोह l मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ दर्शन कराने का संकल्प निरंतर साकार हो रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से तीर्थ दर्शन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है, यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेन में भोजन, पेयजल, चिकित्सकों की उपलब्धता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके साथ ही पूरी ट्रेन वातानुकूलित (एसी) होने से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुखद यात्रा का अनुभव मिलेगा। इस आशय के विचार के प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने आज दमोह से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए तीर्थ दर्शन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए व्यक्त किए।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा दमोह से इस पवित्र यात्रा की शुरुआत होना जिले के लिए विशेष महत्व रखता है। ट्रेन में लगभग 750 श्रद्धालु तीर्थ दर्शन के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल तीर्थ यात्रा की कामना की। उन्होने कहा शासन की यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सेवा और धार्मिक आस्था को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है, उन्होने कहा यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की संपूर्ण व्यवस्था सरकार द्वारा सुनिश्चित की गई है। यात्रियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए चिकित्सकों की टीम, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल, प्रशासनिक समन्वय हेतु तहसीलदार सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी भी साथ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक तीर्थयात्री सुरक्षित, स्वस्थ एवं सुखद वातावरण में यात्रा पूरी कर उसी व्यवस्था के साथ सकुशल अपने घर लौटे।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या और महाकाल लोक जैसे धार्मिक स्थलों का भव्य विकास कराया गया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में बांदकपुर धाम कॉरिडोर का निर्माण भी प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सासंद श्री लोधी ने कहा सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का विकास करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को अपनी आस्था से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा पहले अनेक लोग आर्थिक कठिनाइयों या समय के अभाव के कारण तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे, लेकिन मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्गों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं का वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है।
विधायक जयंत मलैया ने कहा ये सिर्फ योजना नहीं, बुजुर्गों के सम्मान और आस्था की यात्रा है, उन्होने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा आज तीर्थ दर्शन की योजना के अंतर्गत ट्रेन दमोह से रवाना हुई, जो ऋषिकेष हरिद्वार जाएगी और 750 यात्री पूरे इस ट्रेन में यात्रा का सफर करेंगे। इनमें अधिकांश वह लोग हैं जो आर्थिक रूप से या फिर सामाजिक या पारिवारिक रूप से कमजोर थे। उनको मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में जिस तरीके से संबल और सहायता देने का काम इस योजना के अंतर्गत हो रहा है, वह सराहनीय है। अंतिम छोर के व्यक्ति तक प्रत्येक चीज का लाभ पहुँचे, उस दृष्टि से भी यह एक महत्वाकांक्षी योजना है। मैं सभी यात्रियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएँ और बधाई देना चाहता हूँ।
दमोह रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने तीर्थयात्रा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनप्रतिनिधियों ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।


