सागर l संपूर्ण देश में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, सागर (सांची डेयरी) द्वारा शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित आयोजन स्थल पर "सांची मिल्क क्विज कैंपेन" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को सहकारिता, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना था। कैंपेन के दौरान प्रतिभागियों से सहकारिता आंदोलन, सांची डेयरी, दूध एवं दुग्ध उत्पादों के पोषण मूल्य तथा स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को सांची डेयरी की ओर से आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सहकारिता आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता, आत्मनिर्भरता एवं जनकल्याण का सशक्त माध्यम है। सांची डेयरी दुग्ध उत्पादकों के हितों के संरक्षण के साथ उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, पोषण एवं सहकारिता के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया जा रहा है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, सागर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।