उज्जैन के उन्हेल में गौवंश का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। बैजनाथ खेड़ी रोड के पास एक कुएं में सिर पड़ा मिलने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वीएचपी ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। लोगों में गुस्सा और आक्रोश साफ दिख रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुएं से अवशेष कब्जे में लिए और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

 वीएचपी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। हर पहलू पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।