बदमाशों ने हाईकोर्ट के अधिवक्ता के घर चलाई गोली
ग्वालियर में हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता के घर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। हत्या के प्रयास के एक मामले में समझौता नहीं करने के कारण तीन बदमाशों ने अधिवक्ता के घर पहुंचकर गोली चला दी। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी की बताई जा रही है।
फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।अधिवक्ता मनोज भदौरिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। इस केस में मयंक तोमर आरोपी था। अधिवक्ता के मुताबिक, उन्होंने मामले में विरोध किया था, जिसके बाद मयंक की जमानत खारिज हो गई थी। इसके बाद से आरोपी के पिता और भाई की ओर से अधिवक्ता पर केस में समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि समझौता नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गई थीं। अधिवक्ता ने इस संबंध में पहले ही विश्वविद्यालय थाने में शिकायत की थी।


