करोड़ों का फर्जीवाडा़ करने वाले जनपद पंचायत सीईओ की बड़ी मुश्किलें
भोपाल l प्रवर्तन निदेशालय ने कोविड-19 लॉकडाउन के समय निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए निर्धारित सरकारी धन फर्जी तरीके से वितरित करने के आरोप में सिंरोज जनपद पंचायत के पूर्व सीईओ को धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है।ईडी ने एक बयान में कहा कि सीईओ शोभित त्रिपाठी को दो सितंबर को गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि त्रिपाठी को गुरुवार को भोपाल की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें नौ सितंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।मध्यप्रदेश सरकार की विवाह सहायता योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पात्र बेटियों के विवाह के लिए 51,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। ईडी ने बताया कि त्रिपाठी ने 2019 से 2021 के बीच विवाह सहायता के संदिग्ध मामलों में 30.18 करोड़ रुपये की सरकारी राशि मंजूर कर वितरित की। ईडी ने भोपाल पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज प्राथमिकी का संज्ञान लेने के बाद त्रिपाठी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।


