माटी गणेश- सिद्ध गणेश विकासखंड स्तरीय कार्यशाला संपन्न
नरसिंहपुर l "माटी गणेश- सिद्ध गणेश अभियान-2026" के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सृजन योजना के अंतर्गत जिला कार्यालय मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नरसिंहपुर में किया गया। यह कार्यशाला मप्र जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वाधान में सम्पन्न हुई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण को जन अभियान का स्वरूप प्रदान करना, विद्यार्थियों एवं समाज को पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव के लिए प्रेरित करना तथा गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन से जल स्रोतों को होने वाले प्रदूषण से बचाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला में विकासखंड की नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रोत्साहन समितियों, वार्ड विकास प्रोत्साहन समितियों के प्रतिनिधियों, सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के परामर्शदाताओं, छात्र-छात्राओं एवं नवांकुर सखियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा सहित अभियान से जुड़े कार्यकर्ता एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
जिला समन्वयक श्री शर्मा ने कहा कि “माटी गणेश सिद्ध गणेश” अभियान प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान है। इसी क्रम में नरसिंहपुर जिले के प्रत्येक ग्राम में गणेश उत्सव के दौरान मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए जनजागरण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्यावरण की शुद्धता एवं सुरक्षा के साथ गणेश उत्सव को प्रकृति के अनुकूल बनाना है। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों को प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा अधिक से अधिक परिवारों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया गया। कार्यशाला का संदेश रहा कि “माटी के गणेश- प्रकृति का सम्मान और जल स्रोतों की सुरक्षा” के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाया जाए। कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर श्री नन्हा लोधी द्वारा सभी को मिट्टी के गणेश बनाने की तकनीकी जानकारी दी गई।




