नकली संसद बनाकर और बहस का ढोंग रचकर असली संसद का मज़ाक उड़ाया है - केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने संसद का मज़ाक उड़ाते हुए हमेशा असंवैधानिक और समानांतर संसदों का समर्थन किया है"। केंद्रीय गृहमंत्री ने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार, संसद के विशेष सत्र में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए हर आरोप का जवाब देने के लिए तैयार है। शाह ने छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कांग्रेस पार्टी ने एक 'नकली संसद' बनाकर और बहस का ढोंग रचकर असली संसद का मज़ाक उड़ाया है। राहुल गांधी, मैं आपसे कहना चाहता हूँ कि नरेंद्र मोदी सरकार हर एक मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। हम चर्चा करने के लिए एक विशेष सत्र बुलाने को भी तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा कि गांधी संसद को काम करने से रोक रहे हैं। उन्होंने कहा आपने संसद को ठप कर दिया है। एक तरह से आपने इसे बंधक बना लिया है। अब, संसद को काम करने दें और उचित बहस होने दें। तब देश की जनता खुद देख लेगी कि कौन सच बोल रहा है और कौन नहीं। शाह ने आगे कहा कि कांग्रेस और विपक्ष लोकतांत्रिक तरीकों से सत्ता हासिल करने के बजाय एक अराजक मॉडल पर काम कर रहे हैं, जिसमें सत्ता परिवर्तन और तख्तापलट शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक टेलीविजन स्टिंग ऑपरेशन से देश में हिंसक विरोध-प्रदर्शन भड़काने की कोशिशों का खुलासा हुआ है।




