फिल्म हनुमान अंश को मिल रहे अपार प्यार पर खुशी जताते हुए अभिनेत्री नेहा परांजपे ने कहा कि उनकी फिल्म हनुमान अंश 2 साल के बच्चे से लेकर आम आदमी तक को पसंद आ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यह फिल्म देखें और इसके गीत सुनें। प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया पाना फिल्म की पूरी टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी।जबलपुर की रहने वाली अभिनेत्री की बातचीत जब लखनऊ के रहने वाले फिल्म मेकर विशाल से हुई, तो उन्होंने बुंदेली भाषा में संवाद किया। नेहा को उस वक्त अंदाजा भी नहीं था कि सफर के दौरान लिया गया यह छोटा सा बुंदेली टेस्ट उन्हें इतनी बड़ी फिल्म में रोल दिला देगा। आजकल जहां बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर वल्गर (अश्लील) कंटेंट की भरमार है, ऐसे में एक धार्मिक फिल्म की लोकप्रियता पर बात करते हुए नेहा ने कहा, यह हमारी और आपकी कहानी है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म एक ऐसे सामान्य इंसान की कहानी है जिसके पास दिव्य शक्तियां तो हैं, लेकिन कोई अहंकार नहीं है।