पिपरिया (नर्मदापुरम) l सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत सहकारिता विभाग, जिला नर्मदापुरम द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, पिपरिया में सहकारिता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इफको राज्य कार्यालय, भोपाल से राज्य विपणन प्रबंधक डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी एवं मुख्य प्रबंधक (विपणन) डॉ. ओमशरण तिवारी ने सहभागिता की।

अपने संबोधन में डॉ. दिनेश कुमार सोलंकी ने सहकारिता के विस्तार के लिए नवीन प्रयासों को बढ़ावा देने तथा सभी सहकारी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ किसानों के आर्थिक उत्थान हेतु कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इफको के उन्नत उत्पादों का अधिकाधिक व्यापार सहकारी समितियों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने के साथ किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम में किसानों एवं समिति प्रतिनिधियों को नैनो उर्वरकों, जैव उर्वरकों, बायो डीकंपोजर एवं सागरिका के लाभ, वैज्ञानिक उपयोग विधि तथा संतुलित पोषण प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर प्रशासक जिला सहकारी संघ नर्मदापुरम श्री कमल गढ़ेवाल, सहकारिता विस्तार अधिकारी श्री मुकुंद राव भैसारे, श्री शिवशंकर पगारे, जिला प्रबंधक नेफेड श्री शिव कुमार यादव, शाखा प्रबंधक श्री अनिल शर्मा, पिपरिया शाखा अंतर्गत सभी समिति प्रबंधक, बैंक अधिकारी-कर्मचारी तथा सहकारी समितियों से जुड़े प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।