ग्वालियर l  वकालात की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के दिन दहाड़ अपहरण की घटना सामने आई है, यह घटना कैंसर पहाड़िया स्थित महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के पास की बताई जा रही है, जहां से सेकेंड ईयर की छात्रा को एक युवक जबरन कार में डालकर फरार हो गया।छात्रा जूनियर सहपाठी के साथ कॉलेज के बाहर खड़ी थी। दोनों आपस में बातचीत कर रही थीं, तभी अचानक एक कार वहां आकर रुकी। कार में सवार आरोपी तेजी से नीचे उतरा और बिना कुछ कहे जूनियर छात्रा को धक्का देकर अलग कर दिया। आरोपी ने सेकेंड ईयर की छात्रा को जबरन पकड़कर कार में डाल लिया और मौके से फरार हो गया।सहमी हुई जूनियर छात्रा ने तुरंत छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया और पुलिस हरकत में आ गई।अपहृत छात्रा की मां ने इस मामले में जीतू तोमर नाम के युवक पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी उनकी बेटी को परेशान कर चुका है। छात्रा ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज कराई थी। इस मामले में कम्पू थाना पुलिस ने पहले पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा था। हालांकि, कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। शहर के प्रमुख मार्गों और चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।