नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रामलीला मैदान में हुई विपक्षी दलों के इंडिया ब्लॉक की रैली में भीड़ दिखाने के लिए कथित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को रैली में भीड़ दिखाने के लिए एआई से बनी तस्वीरों का सहारा लेना पड़ा। रिजिजू ने कांग्रेस सांसद वामसी गड्डम और पार्टी के अन्य नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर को अपनी पोस्ट के साथ लगाया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "रामलीला मैदान भरा हुआ दिखाने के लिए कांग्रेस पार्टी की फर्जी नैरेटिव टीम एआई से बनी फर्जी तस्वीर भी ठीक से नहीं बना पाई!"