भोपाल l कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (KRIBHCO) ने मध्य प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड (MPSBB) के साथ मध्य प्रदेश के भोपाल में “मोर वन जैव विविधता पार्क” के विकास में सहयोग प्रदान करने हेतु एक समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। इस MoU का आदान-प्रदान भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

KRIBHCO की ओर से MoU का आदान-प्रदान KRIBHCO के अध्यक्ष श्री वी. सुधाकर चौधरी एवं प्रबंध निदेशक श्री एस. एस. यादव द्वारा मध्य प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड (MPSBB) के सदस्य सचिव श्री सुदीप सिंह के साथ किया गया।

MoU के तहत KRIBHCO द्वारा “मोर वन जैव विविधता पार्क” परियोजना के स्वीकृत घटकों के लिए ₹10 करोड़ तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। प्रस्तावित सहायता के माध्यम से पौधारोपण, नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर (प्रकृति व्याख्या केंद्र) की स्थापना एवं विकास तथा संबंधित आधारभूत संरचनाओं के विकास जैसी प्रमुख गतिविधियों को सहयोग मिलेगा।

“मोर वन जैव विविधता पार्क” को एक महत्वपूर्ण शहरी हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है, जो जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति के साथ आमजन की सहभागिता को सुदृढ़ करने में योगदान देगा। यह परियोजना नागरिकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं प्रकृति प्रेमियों को अनुभवात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय जैव विविधता एवं पारिस्थितिक तंत्र को समझने का अवसर प्रदान करेगी।

इस पहल के माध्यम से KRIBHCO ने पर्यावरणीय स्थिरता एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया है। ऐसी पहलें दीर्घकालिक पारिस्थितिक एवं सामाजिक मूल्य के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। किसान-केंद्रित सहकारी संगठन के रूप में KRIBHCO प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा ऐसी सतत् कृषि एवं पर्यावरणीय प्रथाओं को बढ़ावा देने के महत्व को समझता है, जो वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए लाभकारी हों।