खरगोन l ग्राम लोणारा में किसान सभा का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक इंदौर श्री राज बाबू कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में उद्यान वैज्ञानिक श्री सुनील कुमार त्यागी ने सहभागिता की। साथ ही समिति प्रबंधक लोणारा श्री अर्जुन अलावा जी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन के साथ की गई, जिसमें सभी अतिथियों एवं ग्राम के उपस्थित किसानों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कृभको की कार्यप्रणाली एवं उसकी सेवाओं के बारे में किसानों को जानकारी प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि श्री राज बाबू कुमार द्वारा कृभको के विभिन्न उत्पादों जैसे महिकोरिजा, सिटी कंपोस्ट, तरल जैव उर्वरक एवं शिविरिका के गुणों, उपयोग विधियों तथा उनकी गुणवत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भारत में उर्वरकों की उपलब्धता एवं संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

विशेष अतिथि उद्यान वैज्ञानिक श्री सुनील कुमार त्यागी ने किसानों को खेती में लागत कम करने, फसलों को रोगों से बचाने के उपायों एवं समुचित प्रबंधन के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण कराने का भी आग्रह किया, जिससे उर्वरकों का संतुलित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम में ग्राम के 70 से अधिक किसानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं।

अंत में समिति प्रबंधक लोणारा श्री अर्जुन अलावा जी द्वारा सभी अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया गया।