इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा नीट परीक्षा देने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। निक्की यादव नीट परीक्षा देने के लिए घर से देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के परीक्षा केंद्र गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।खरगोन जिले के करही थाना क्षेत्र में नदी से युवती का शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान इंदौर से लापता छात्रा के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस को आशंका है कि नदी में मिला शव इंदौर से लापता हुई निक्की यादव का हो सकता है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पहचान और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा परीक्षा के बाद कहां गई, किन लोगों के संपर्क में थी और वह इंदौर से करही क्षेत्र तक कैसे पहुंची। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।