तंत्र-मंत्र और वशीकरण का हाई प्रोफाइल मामला, पुलिस के भी छूट रहे पसीने
नीमच में तंत्र-मंत्र और वशीकरण का भय दिखाकर एक शातिर महिला ने कांग्रेस नेता गजेंद्र यादव के घर से लाखों रुपये के सोना-चांदी पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी महिला ने खुद को तांत्रिक बताते हुए कहा कि उनके पति और बेटे पर मौत का साया है और वशीकरण से ही संकट टल सकता है। डर और दहशत के माहौल में सुगना यादव महिला की बातों में उलझ गईं। महिला ने पहले दोनों हाथों की अंगूठियां उतरवाईं, फिर पेटी से अन्य जेवर निकालने को कहा। वशीकरण की प्रक्रिया का झांसा देकर उसने करीब सात तोला सोना और डेढ़ सौ ग्राम चांदी निकलवा ली और “अभी लौटकर आती हूं” कहकर फरार हो गई। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके सहित करीब 10 लाख से अधिक रुपये के जेवर बताए जा रहे हैं। मामले में नया मोड़ तब आया जब CCTV फुटेज सामने आया। फुटेज में वही महिला, जो लोगों के सामने झुकी कमर और धीमी चाल से चल रही थी, घर से निकलने के बाद सीधे और तेज कदमों से जाती नजर आई। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि बुजुर्ग का भेष केवल ठगी की साजिश का हिस्सा था। बताया जा रहा है कि संदिग्ध महिला पहले चौराहों पर महिलाओं के बीच बैठकर वशीकरण और तांत्रिक क्रियाओं की बातें कर और छोटी रकम ऐंठती हुई नजर आई, जिसके बाद उसने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अज्ञात महिला की तलाश में जुटी हुई है।



