भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित कर ली है। भारत अगर वेस्टइंडीज को हरा सका तो इसके पीछे सबसे बड़ा योगदान सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का रहा है जिन्होंने रविवार को 97 रन की दमदार पारी खेली। भारत के लिए सैमसन ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा और अंत तक टिके रहे। कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की विस्फोटक पारी की मदद से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।