तेहरान पर भीषण बमबारी, कई शहरों में जोरदार धमाके
अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब ग्यारहवें दिन में प्रवेश कर चुका है। पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है।ईरान की राजधानी तेहरान में हाल के दिनों की सबसे तीव्र हवाई बमबारी देखी गई है। लगातार कई घंटों तक जोरदार धमाकों से शहर दहल उठा और कई इलाकों में खिड़कियां तक हिल गईं। तेहरान के पूर्वी हिस्सों में वायु रक्षा प्रणाली भी सक्रिय रही और आसमान में लगातार चमक दिखाई दी। इसी दौरान करज, तबरीज और इस्फहान में भी बड़े धमाकों की खबरें सामने आई हैं। इस्फहान में गवर्नर कार्यालय और एक प्राचीन शाही महल को निशाना बनाए जाने की सूचना है। कुछ रिपोर्टों में परमाणु ठिकानों के पास विस्फोट की आशंका भी जताई गई है। वहीं ईरानी सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘प्रॉमिस्ड ऑपरेशन’ की 33वीं लहर शुरू करने और इस्राइल पर भारी मिसाइलों से हमले का दावा किया है l



