पीओपी से बनी गणेश प्रतिमाओं के निर्माण तथा विक्रय पर प्रतिबंध
दतिया / गणेश चतुर्थी पर्व के अवसर पर जिले में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना एवं पूजन किया जाता है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री स्वप्निल वानखड़े ने पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रदूषण की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए गणेश प्रतिमाओं के निर्माण एवं विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) तथा पर्यावरण के लिए हानिकारक सामग्री से निर्मित प्रतिमाओं के उपयोग एवं विसर्जन से जल स्रोतों में प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न होती है। इसे देखते हुए पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 एवं जल प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम, 1974 के प्रावधानों के तहत निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश के अनुसार गणेश प्रतिमाओं का निर्माण प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्री से किया जाए। पीओपी, प्लास्टिक, थर्माेकोल एवं अन्य हानिकारक सामग्री से निर्मित प्रतिमाओं के निर्माण, विक्रय एवं उपयोग को प्रतिबंधित किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन के निर्देशों एवं पर्यावरणीय मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराएं। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।




