मीनालेश्वर मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया करवा चौथ पर्व , सुहागिन महिलाओं ने की पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
भोपाल। भारतीय संस्कृति में वैवाहिक प्रेम, अटूट विश्वास और समर्पण का प्रतीक पर्व करवा चौथ मीनालेश्वर मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। न्यू मिनाल सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बारिश और खराब मौसम के बावजूद महिलाओं का आस्था और भक्ति के साथ पूजन के लिए पहुंचना पर्व के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता रहा।
कार्यक्रम में मिनाल सांस्कृतिक समिति की श्रीमती अनीता वर्मा, श्रीमती रिया सिंह, श्रीमती अनीता मेहता एवं श्रीमती दीपा तुली, श्वेता मल्होत्रा की प्रमुख सहभागिता रही। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
पूजन के दौरान महिलाओं ने करवा माता से सभी सुहागिनों के सुहाग की रक्षा, परिवारों में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने तथा सभी के जीवन में खुशहाली लाने की कामना की। पूजा-अर्चना के पश्चात महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
करवा चौथ का पर्व भारतीय परंपराओं में दांपत्य जीवन के प्रेम, विश्वास, त्याग और समर्पण का विशेष महत्व रखता है। यह पर्व न केवल पति-पत्नी के रिश्ते की मजबूती का प्रतीक है, बल्कि परिवार की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी देता है। मीनालेश्वर मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी प्रेम की भावना को भी सुदृढ़ किया। महिलाओं ने करवा माता से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी परिवारों पर बनी रहे तथा हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो।




