रीवा जिले की सभी तहसीलों में खरीफ फसल की बोनी का कार्य लगभग समाप्त हो रहा है। खरीफ की मुख्य फसल धान है। धान की रोपाई का भी कार्य लगभग पूरा हो गया है। कुछ क्षेत्रों में एक-दो किसान रोपाई कर रहे हैं। जिले में वर्ष 2024 में खरीफ फसल के लिए 3 लाख 64 हजार 160 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से सर्वाधिक क्षेत्र 2 लाख 66 हजार 210 हेक्टेयर धान का है। जिले में अब तक तीन लाख 66 हजार 50 हेक्टेयर में विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का 101 प्रतिशत है। जिले में खरीफ फसल में सर्वाधिक दो लाख 67 हजार  420 हेक्टेयर क्षेत्र धान का है।

      इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि हाल ही में अच्छी वर्षा से धान की रोपाई में तेजी आई है। धान की रोपाई का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जिले में अब तक 3950 हेक्टेयर में ज्वार, 1120 हेक्टेयर में मक्का, 1390 हेक्टेयर में बाजरा, 5850 हेक्टेयर में कोदौ-कुटकी की बोनी हो चुकी है। दलहनी फसलों में 21470 हेक्टेयर में अरहर, 20430 हेक्टेयर में मूंग, 27780 हेक्टेयर में उड़द की बोनी हो चुकी है। तिलहनी फसलों में 15680 हेक्टेयर में तिल तथा 960 हेक्टेयर में सोयाबीन बोया गया है। खरीफ की फसलों में खरपतवार नियंत्रण तथा कीट नियंत्रण के प्रभावी उपाय करें।