कौन बनेगा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ..? एक अनार ,कई बीमार

भोपाल। प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के अनेक दावेदार हैं, अर्थात "एक अनार सौ बीमार।"दावेदारों के चेहरों पर रौनक लाने के लिए देव तुल्य कार्यकर्ता अपने - अपने नेता को मीडिया और सोशल मीडिया में प्रदेश अध्यक्ष का असल दावेदार बता रहे हैं।
अंतरात्मा की आवाज़ सुनकर दावेदार और देवतुल्य कार्यकर्ता भोपाल से दिल्ली तक, सत्ता से संगठन तक, फार्महाउस से कोठी तक, साधना शक्ति पीठ से शिव धाम तक, बाबाओं से फकीरों की चौखट तक चक्कर लगाते रहे। हर चौखट पर आश्वासन, आशीर्वाद और भभूत मिल रही है। अंत में विदाई के समय नेतृत्वकर्ता, बाबा और फकीर तीनों कहते, "मेरे भरोसे मत रहना, कर्म भी करना और उनसे और मिल लेना।" भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरु होने जा रही हैं। इस दौड़ में बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है चर्चा है कि उन्हें संघ के सुरेश सोनी का आशीर्वाद होने से मुख्यमंत्री मोहन यादव भी समर्थन कर रहे हैं। पूर्व गृहमंत्री और नरोत्तम मिश्रा भी इस पद की दौड़ में हैं, मिश्रा प्रमुख मंदिरों में अनुष्ठान कर रहे हैं l मिश्रा के निवास पर एक के बाद एक आ रहे बड़े नेताओं की उपस्थिति भी कुछ ना कुछ संकेत दे रही है l भोपाल की हुजूर सीट से तीन के बार के विधायक रामेश्वर शर्मा के नाम की चर्चा भी चल रही है।शर्मा इस बार मंत्री पद के भी दावेदार थे, लेकिन उन्हें जगह नहीं मिली थी, जिसके बाद उनके नाम की चर्चा अध्यक्ष पद के लिए भी चल रही है, इनके साथ भी ब्राह्मण वाला फैक्टर जुड़ा है। पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदोरिया का नाम भी इस रेस में शामिल हैं। इसके अलावा पन्ना से विधायक-पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह भी अध्यक्ष पद की दावेदारी में शामिल हैं। लेकिन अचानक ही मध्य प्रदेश विधानसभा के सबसे सीनियर विधायक पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का नाम भी चर्चा में आ गया है कहा तो यह तक जा रहा है कि अंत में सर्वमान्य प्रदेश अध्यक्ष के रूप में गोपाल भार्गव के नाम पर भी सहमति बन जाए तो आश्चर्य नहीं होगा हालांकि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चौंकाने के लिए जाना जाता है हो सकता है ऐसा कोई नाम निकलकर सामने आए जिसकी कभी प्रतिशत अध्यक्ष पद के लिए चर्चा भी ना हुई हो महिला प्रदेश अध्यक्ष भी बनाए जाने की चर्चा है ऐसे में राज्यसभा सांसद और प्रदेश भाजपा महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार का नाम चर्चा में है l हवा की गति और दबाव को एनीमोमीटर से मापा जाता है। लेकिन ऐसा कोई यंत्र नहीं बना, जो भाजपा नेतृत्व की गति, दबाव और मन की बात को नाप सके।