उप संचालक कृषि ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

सतना l उप संचालक कृषि मनोज कश्यप ने वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखण्ड रामपुर बाघेलान कार्यालय में विभागीय योजनाओं की कृषि विस्तार अधिकारियों के साथ केन्द्रवार समीक्षा की। इसके बाद खाद्य एवं पोषण सुरक्षा मिशन एवं टर्फा योजनान्तर्गत कृषकों के प्रक्षेत्रों में डाले गए प्रदर्शनों का अवलोकन करते हुए किसानों से भी कृषि संबंधी विषयों पर भी चर्चा की। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास एवं उनकी टीम द्वारा ग्राम बांधा में टर्फा योजनान्तर्गत 2 हेक्टेयर के चना प्रदर्शन एवं 1 हेक्टेयर के मसूर प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए कृषक अतुल सिंह एवं शत्रुन्जय सिंह से चर्चा की गयी। इसी प्रकार ग्राम बठिया में 1 हेक्टेयर के टर्फा चना प्रदर्शन एवं 1 हेक्टेयर के गेंहू प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए कृषक बद्री सिंह एवं संतोष तिवारी से प्रदर्शन में प्रदाय सामग्री के उपयोग एवं उसके प्रभाव के संबंध में चर्चा की गयी। प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान कृषकों द्वारा फसल सुरक्षा, अधिक उत्पादन लेने एवं कृषि आदानों के उपयोग के बारे में तकनीकी पहलुओं पर भी कृषकों को उप संचालक कृषि एवं उनकी टीम द्वारा जानकारी दी गयी। भ्रमण के दौरान कृषक अतुल सिंह द्वारा बताए जाने पर उनके कुंए में पर्याप्त पानी नहीं है इस वजह से उन्हे आपेक्षित उत्पादन प्राप्त नहीं होता है। तत्संबंध में भ्रमण दल द्वारा उन्हें स्प्रिंकलर के बारे में जानकारी प्रदाय करते हुए योजनान्तर्गत शासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान के बारे में भी उपस्थित कृषकों को बताया गया।