विधायक ने विधानसभा में गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की रखी मांग
भोपाल l मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी दलों ने इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। इसी बीच भोपाल उत्तर से कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने विधानसभा में अशासकीय संकल्प के जरिए गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग रखी। उनका कहना था कि हिंदू समाज में गाय को माता का दर्जा दिया जाता है, इसलिए उसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि गाय की मृत्यु होने पर उसका विधिवत अंतिम संस्कार किया जाए और चमड़ा कारोबार पर भी रोक लगाने पर विचार हो। आतिफ अकील ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2017 में उनके पिता ने भी इसी तरह का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उस समय बहुमत के अभाव में यह पारित नहीं हो सका था। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस विषय पर पार्टी की कथनी और करनी में अंतर दिखाई देता है। वहीं भाजपा की ओर से इस मांग पर तीखी प्रतिक्रिया आई। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस तरह की मांगें केवल चर्चा में बने रहने के लिए नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में गौवंश की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और राज्य में अवैध कटान को किसी भी हाल में अनुमति नहीं दी जाएगी।



