आत्मा परियोजना के तहत किसानों का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण दल रवाना
बालाघाट l मछुआ दिवस के अवसर पर कृषि विभाग की आत्मा (ATMA) परियोजना के अंतर्गत बालाघाट जिले के चयनित किसानों का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण दल आज 09 जुलाई को जवाहरलाल नेहरू कृषि महाविद्यालय के लिए रवाना किया गया। भ्रमण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि एवं मत्स्य पालन की उन्नत तकनीकों से अवगत कराना है।भ्रमण के दौरान किसान कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद करेंगे। साथ ही प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज उत्पादन, फसल प्रबंधन तथा कृषि आधारित नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। किसान विभिन्न अनुसंधान इकाइयों एवं प्रदर्शन प्रक्षेत्रों का अवलोकन कर आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी भी हासिल करेंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से किसानों को नवीन तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है, जिससे खेती की लागत कम करने, उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि करने में मदद मिलती है। आत्मा परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस दो दिवसीय भ्रमण में जिले के विभिन्न विकासखंडों के किसान शामिल हुए हैं। विभाग ने किसानों से भ्रमण के दौरान प्राप्त तकनीकी जानकारी को अपने खेतों में अपनाने तथा अन्य किसानों के साथ भी साझा करने का आग्रह किया।


