कोर्ट जा रहे वकील को घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गोली मारी
करैरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीकांड की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। किले के पीछे आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर करैरा कोर्ट जा रहे एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एकांत रास्ते पर घात लगाकर किए गए इस हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी वाहन से पहुंचे थे। वारदात के कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे एक अन्य अधिवक्ता की नजर सड़क पर घायल अवस्था में पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजय सक्सेना का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते चार लोगों पर हत्या का संदेह जताया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना सुनियोजित प्रतीत हो रही है।



