विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कृषि मंत्री ने किया पौधारोपण
भोपाल l विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर भोपाल स्थित ग्राम पंचायत मंदोरी के बुल मदर स्टेट डेयरी फार्म परिसर में “एक पेड़ मां के नाम 2.O” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य एवं सतत विकास के संकल्प को साकार करने हेतु पौधारोपण किया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का संतुलन ही नहीं बनाए रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित जीवन की आधारशिला भी हैं। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान मातृत्व सम्मान और प्रकृति संरक्षण का एक भावनात्मक एवं जन-आंदोलन का स्वरूप बन चुका है।
कृषि मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल कर उसे बड़ा करें।
कार्यक्रम का समापन “हरित भारत – स्वच्छ भारत” के संकल्प के साथ किया गया।


