भूमि के लिए उपयोगी मित्र जीवाणुओं की कमी से फसल उत्पादन प्रभावित होता है
श्योपुर । कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा श्योपुर जिले को पराली फ्री डिस्ट्रिक्ट बनाने के उद्देश्य से किये जा रहे प्रयासों के अंतर्गत किसानों को इस मुहिम से जोडने के लिए आज दांतरदा स्थित ग्राम पंचायत भवन में किसानों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि हम निरंतर पराली को जलाते आ रहे है, इससे हमारी भूमि में मौजूद मित्र जीवाणुओं की कमी हो रही है, क्योकि पराली की आग से यह मित्र जीवाणु नष्ट हो रहे है तथा मिट्टी भी गर्म हो रही है। इससे न केवल फसल उत्पादन कम हो रहा है, बल्कि हर वर्ष फसल उत्पादन में उवर्रक की डिमांड बढती जा रही है। भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए हमें पराली का प्रबंधन करना होगा, अन्यथा हमारी जमीन अनउपजाऊ भी हो सकती है।
पर्यावरण की दृष्टि से भी पराली में आग लगाना घातक है, इससे वायु मंडल तो प्रदूषित होता ही है, साथ ही अन्य पर्यावरणीय समस्याएं उत्पन्न हो जाती है। यह व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है, इसलिए हम सभी पराली का उचित तरीके से प्रबंधन करें। इसके लिए शासन द्वारा सुपर सीडर एवं अन्य कृषि यंत्रों पर 40 प्रतिशत का अनुदान भी दिया जा रहा है। वर्तमान में सुपर सीडर के लिए ई-कृषि अनुदान पोर्टल पर आवेदन एक-दो दिन में शुरू होने वाले है। किसान भाई सुपर सीडर खरीदने के लिए आवेदन कर सकते है तथा अपने खेत में पराली का प्रबंधन कर समय पर गेहूं की फसल की बुआई की जा सकती है। सरकार सुपर सीडर पर 1 लाख 20 हजार रूपये का अनुदान भी दे रही है।
ग्राम पंचायत भवन में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम के दौरान एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा, उप संचालक कृषि श्री जीके पचौरिया सहित सरपंच प्रतिनिधि अन्य पंचायत पदाधिकारी, किसान एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
ग्राम ददूनी में भी हुई चर्चा
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार एसडीएम श्री गगन सिंह मीणा के नेतृत्व में कृषि विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग तथा कृषि विज्ञान केन्द्र बडौदा के अधिकारियों द्वारा ग्राम ददूनी में भी किसानों से चर्चा करते हुए उन्हें पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया तथा पराली प्रबंधन में उपयोगी कृषि यंत्रों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा सुपर सीडर खरीदने के लिए पोर्टल पर आवेदन ऑनलाइन करने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।



