राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आयोजित दूसरे सिविल इनवेस्टीट्यूर सेरेमनी के दौरान साल 2026 के बचे हुए पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई दिग्गज मौजूद रहे। इस दौरान देश की कला, सिनेमा और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली कई बड़ी हस्तियों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा गया।मलयालम सिनेमा के मेगास्टार ममूटी इस सेरेमनी के शुरुआती विजेताओं में शामिल रहे, जिन्हें राष्ट्रपति ने पद्म भूषण से सम्मानित किया। इस खास मौके पर ममूटी के साथ उनकी पत्नी सुल्फत, बेटे व एक्टर दुलकर सलमान और बेटी सुरुमी भी मौजूद थीं। वहीं, लंबे समय से हीयरिंग लॉस (सुनने की क्षमता खोने की बीमारी) से जूझ रहीं देश की दिग्गज प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। अलका जब मंच की तरफ बढ़ रही थीं, तो उन्होंने फ्रंट रो में बैठे पीएम नरेंद्र मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया, जिसके बाद वह स्टेज पर पहुंचीं।