अशोकनगर में दहशत फैलाने की बड़ी साजिश को  पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया दर असल अंतरराष्ट्रीय शूटर गैंग लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हैरी बॉक्सर और ऋतिक बॉक्सर के एक गुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो व्यापारी बनकर शहर में ठहरा हुआ था और प्रतिष्ठित व्यापारी के घर की रेकी कर रहा था। आरोपी पेट्रोल बम से हमला कर शहर में सनसनी फैलाने की योजना बना रहा था l पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मनीष जांगिड़ निवासी ग्राम साकून दादू, जिला जयपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पिछले आठ दिनों से शहर में रहकर स्टेशन रोड और आसपास के इलाकों की रेकी कर रहा था। वह एक होटल में फर्जी आधार कार्ड के सहारे रुका हुआ था और खुद को व्यापारी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
दरअसल 12 फरवरी को शहर के व्यापारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नाम से व्हाट्सएप कॉल, वीडियो कॉल और वॉइस नोट के माध्यम से 10 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी दी गई थी। रकम न देने पर व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी जांच के दौरान पुलिस टीम ने जयपुर, जैसलमेर, इंदौर, गोवा समेत कई स्थानों पर जाकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए। वहीं अशोकनगर शहर के होटल, लॉज, धर्मशाला, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस सादे कपड़ों में शहर के हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी।