प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने किया पौधारोपण
मुरैना । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने बुधवार को सुमावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छैरा एवं मुंगावली में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, कृषि, सामाजिक सुरक्षा तथा जनहित से जुड़े अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनसे देश निरंतर प्रगति और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है। कृषि मंत्री श्री कंषाना ने बताया कि आगामी समय में उनके द्वारा गांव-गांव में जनचौपालों का आयोजन किया जाएगा। इन चौपालों में विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जनचौपालों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण अभियान को सफल बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


