बेरहमी से बुजुर्ग को पीटा, बाइक से बांधकर कई किलोमीटर घसीटा, बुजुर्ग से क्रूरता के खिलाफ लोगों ने किया चक्काजाम
सेमरिया से एक शर्मनाक घटना सामने आई है । यहां तीन युवकों ने एक बुजुर्ग की पहले बेरहमी से पिटाई की। इतने से मन नहीं भरा तो बुजुर्ग को बाइक से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए कई किलाेमीटर तक ले गए। खून से लथपथ बुजुर्ग इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। घटना के विरोध में गुस्साए परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया है। बुजुर्ग का नाम लक्ष्मण प्रजापति बताया जा रहा है आरोप है कि मामूली विवाद या रंजिश के चलते ऐसा हुआ है l सड़क पर घसीटे जाने की वजह से बुजुर्ग के शरीर का मांस तक निकल आया है। स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस क्रूरता के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सेमरिया-रीवा मार्ग पर कई घंटों तक चक्काजाम रखा।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।



