प्रगतिशील कृषक श्री ब्रजेश जाटव ने सुपर सीडर क्रय किया
अशोक नगर कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में पराली प्रबंधन हेतु सुपर सीडर, हैप्पी सीडर का प्रचार प्रसार कर कृषकों को अनुदान पर सुपर सीडर प्रदाय करने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में कृषक श्री ब्रजेश जाटव ग्राम पीपरी विकासखण्ड अशोकनगर द्वारा ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के उपरांत मेसर्स न्यू रघुकुल एजेंसी शाढ़ौरा के माध्यम से सुपर सीडर यंत्र क्रय किया गया है जिस पर 1,20,000/- रूपये की सब्सिडी प्रदान की जायेगी। सुपर सीडर की कीमत 2,50,000/- से 3,00,000/- रूपये होती है। कृषक श्री ब्रजेश जाटव द्वारा बताया गया कि सुपर सीडर से यह मशीन खेत में पिछली फसल के अवशेषों को बारीक करके मिट्टी में मिला देती है जिससे पराली जलाने की जरूरत नहीं पड़ती यह मशीन जुताई, बुवाई एवं खाद डालना और बीज को ढ़कने का कार्य एक साथ कर देती है। पराली के मिट्टी में मिलने से जैविक पदार्थ बढ़ता है, पराली से पहले पलेवा/सिंचाई नहीं करनी पड़ती, तीन से चार बार खेत की जुताई करने में होने वाले डीजल की बचत होती है एवं पराली नहीं जलानी पड़ती है। मिट्टी का स्वास्थ्य खराब नहीं होता एवं पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है जिले के अन्य कृषकों से भी सुपर सीडर यंत्र अनुदान पर क्रय कर पराली प्रबंधन करने की अपील की गई है। धान, मक्का की फसल की कटाई के बाद पराली, नरवाई जलाना प्रतिबंधित रहेगा इसलिए उपसंचालक कृषि एवं सहायक यंत्री कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अपील की गई है की कृषक अधिक से अधिक हैप्पीसीडर, सुपर सीडर एवं स्मार्ट सीडर हेतु ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन करें।



