दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी  घनश्याम सिंह के नामांकन कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक की अनुपस्थिती राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। दतिया में ब्राह्मण समाज के प्रभावशाली नेता माने जाने वाले अवधेश नायक के भारतीय जनता पार्टी में जाने की चर्चाएं चल पड़ी हैं l नायक ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से नाराजगी के बाद विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस का दामन थामा था।

अब डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद अवधेश नायक के दोबारा भाजपा में लौटने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। सूत्रों की माने तो  यदि अवधेश नायक कांग्रेस के चुनाव प्रचार और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखते हैं तो उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को और बल मिल सकता है। हालांकि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फिलहाल उनसे संपर्क कर उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अवधेश नायक की ओर से भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति ही इस तरह की अटकलें को जन्म दे रही है।