किसान कृषि सेवा केन्द्र का बीज विक्रय पंजीयन निरस्त
ग्वालियर । प्रयोगशाला में कराई गई जाँच में धान व बाजरा बीज के नमूने अमानक पाए जाने पर किसान कृषि सेवा केन्द्र बनवार का बीज विक्रय लायसेंस निरस्त कर दिया गया है। लायसेंसिंग प्राधिकारी (बीज) सह उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है।
उप संचालक कृषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीज निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी भितरवार द्वारा जिले के ग्राम बनवार में स्थित किसान कृषि सेवा केन्द्र का निरीक्षण कर धान बाजरा के नमूने लेकर बीज परीक्षण प्रयोगशाला ग्वालियर में जाँच के लिये भेजे गए थे। जाँच में नमूने अमानक पाए जाने पर विक्रय प्रतिबंधित कर दिया गया था। साथ ही फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का जवाब समाधानकारक न पाए जाने पर बीज नियंत्रण आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार लायसेंसिंग प्राधिकारी द्वारा यह कार्रवाई की गई है।



