दिल्ली l भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार में दिलीप जायसवाल, जबकि राजस्थान में सांसद मदन राठौड़ को भाजपा प्रमुख बनाने का एलान किया। इसी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व में भी बदलाव जल्द होगा। पीएम मोदी ने शीर्ष नेतृत्व के साथ मैराथन बैठक की। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पार्टी ने कई राज्यों में अपने प्रभारी भी बदल दिए हैं। हरीश द्विवेदी को असम, अतुल गर्ग को चंडीगढ़, अरविंद मेनन को लक्षद्वीप का प्रभार सौंपा गया है। नड्डा ने अरविंद मेनन को तमिलनाडु का भी प्रभार सौंपा है। इसके अलावा राजदीप रॉय को पार्टी की त्रिपुरा इकाई का प्रभारी पद सौंपा गया है। पार्टी अध्यक्ष ने श्रीमती विजया रहाटकर को राजस्थान और सुधारक रेड्डी को तमिलनाडु का सह प्रभारी नियुक्त किया है। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।