ईरान पर अगले दो हफ्तों तक अमेरिका की ओर से कोई हमला नहीं किया जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान करते हुए कहा कि ईरान पर होने वाले  संभावित हमलों को फिलहाल दोतरफा युद्धविराम के चलते दो हफ्तों के लिए रोक दिया गया है। अमेरिकी सेना ने अमल करते हुए ईरान के खिलाफ सभी आक्रामक अभियानों को रोक दिया है। एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम ईरान के साथ दो सप्ताह के युद्धविराम समझौते की घोषणा के बाद उठाया गया है। हालांकि, रक्षात्मक उपायों और अभियानों को जारी रखने की अनुमति होगी।यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब युद्धविराम का एलान होने के बावजूद इस्राइल की ओर से ईरान पर हमले जारी रखने की बात कही जा रही है, इसके उलट व्हाइट हाउस ने कहा है कि इस्राइल ने भी युद्धविराम पर सहमति जताई है।