MP - मंत्री के भाई ने धमकी देते हुए कहा कि तेरे दांत तोड़ दूंगा और यहीं जिंदा गाड़ दूंगा
आलीराजपुर में अनुसूचित जाति मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान ने महिला सीईओ प्रिया काग को जान से मारने की धमकी दी और उनका रास्ता रोका। प्रिया की शिकायत पर पुलिस ने इंदर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंदर की पत्नी आलीराजपुर में जनपद अध्यक्ष है। इंदर ने जनपद पंचायत कार्यालय में बैठी प्रिया काग के सामने कन्या विवाह योजना के कुछ आवेदन निरस्त करने को लेकर नाराजगी जताई। प्रिया ने नियमों का हवाला देते हुए आवेदन निरस्त होने की बात कही।इस पर इंदर नाराज हो गए और सीईओ की तरफ मारने दौड़े और धमकी देते हुए कहा कि तेरे दांत तोड़ दूंगा और यहीं जिंदा गाड़ दूंगा। यहां सब मेरी मर्जी से होगा। इंदर के ये तेवर देख प्रिया कार्यालय से जाने लगीं तो उन्होंने उनका रास्ता भी रोका।इस घटना के बाद प्रिया थाने पहुंचीं और इंदर चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 224, 221, 351(2) के तहत केस दर्ज कराया। प्रिया ने उच्च अधिकारियों से भी इस मामले में शिकायत की है। केस दर्ज होने के बाद इंदर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। बाद में इंदर की जमानत भी हो गई।


