श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर-8 की राह कठिन
श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की सुपर-8 की राह कठिन हो गई है। टीम लगातार दो मैचों में हार के साथ ग्रुप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि जिम्बाब्वे चार अंक और 1.984 के नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर है। टी20 विश्व कप 2021 की खिताब विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने लचर प्रदर्शन के कारण मौजूदा टूर्नामेंट में बाहर होने के मुहाने पर खड़ी है। सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद उसकी सुपर-8 की राहें कठिन हो गई हैं। अब उसे किसी चमत्कार का इंतजार है। बता दें कि, सोमवार को टी20 विश्व कप 2026 का 30वां मुकाबला पल्लेकेले में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हैड की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में 10 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाए और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।



